आजमगढ़। कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में एक्टिव केसों का आकड़ा 100 के पार पहुंच गया। वहीं शनिवार को एक साथ 27 नए केस सामने आए है। इसमें 23 विभिन्न ट्रेनों से रेलवे स्टेशन पर पहुंचे है। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर भेज कर आईसोलेट करा दिया है। कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रह है और जिम्मेदार अभी भी मूक दर्शक बने हुए है।
महानगरों में बढ़तो कोरोना संक्रमण व होली पर्व को देखते हुए प्रवासी मजदूरों की घर वापसी जोरशोर से चल रही है। दिल्ली, मुम्बई, जालंधर, सूरत आदि स्थानों से आने वाली ट्रेनों से काफी संख्या में लोग आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच रहे है। शनिवार को कुल पांच स्थानीय व्यक्तियों में कोरोना का संक्रमण नहीं मिला। वहीं विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से जिले में पहुंचे 23 लोग रेलवे स्टेशन पर हुई जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब बढ़ कर 6108 हो गई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 106 पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि शनिवार को सूरत से आए पांच, दिल्ली से आए 11 व मुम्बई से आए सात यात्रियों में कोरोना संक्रमण पाया गया। कोरोन संक्रमण तेजी से फैल रहा है और जिम्मेदार अभी मूकदर्शक ही बने हुए है। अब तो जो स्थिति है, उसे देखते हुए दो दिन बाद पड़ने वाले होली के त्यौहार पर भी कोरोना का साया पड़ता नजर आने लगा है।
कहीं नहीं हो रहा गाइड लाइन का अनुपालन
कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, लेकिन कहीं भी कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा है। बिना मास्क के लोग सड़कों पर चक्रमण कर है। बाजारों में सामान्य दिनों की भांति भीड़ नजर आ रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कहीं भी होता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस महकमा पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जुटी है, लेकिन कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर गाइड लाइन के अनुपालन की कवायद महकमा द्वारा नहीं की जा रही है। वहीं प्रशासनिक अमला भी अभी वेट एंड वॉच की स्थिति में ही दिख रहा है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने तो होली त्यौहार को लेकर गाइड लाइन जारी कर दिया है। जिसके तहत सार्वजनिक रुप से होली पर किसी भी तरह के कार्यक्रम के आयोजन पर रोक है। लेकिन बाजारों में जो स्थिति दिख रही है, उसे देखते हुए तो कहीं से ऐसा नहीं लग रहा है कि शासन के आदेश का अनुपालन कराने में पुलिस व प्रशासनिक अमला सफल हो सकेगा।












