समाजवादी पार्टी कार्यालय विक्रमादित्य मार्ग पर रविवार 16 जनवरी की सुबह लगभग साढ़े 10 बजे अफरा-तफरी मच गई। यहां एक कार्यकर्ता ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। पुलिस ने दौड़कर उसे पकड़ लिया।
आत्मदाह की कोशिश करने वाले ठाकुर आदित्य का आरोप है कि उसका टिकट काट दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। एसीपी हजरतगंज अखिलेश सिंह ने बताया कि, समाजवादी पार्टी कार्यालय पर रविवार सुबह पुलिस ड्यूटी दे रही थी। इसी बीच अलीगढ़ निवासी ठाकुर आदित्य कुछ लोगों के साथ पहुंचे। वहां उसने अपने पास से बोतल निकालकर खुद पर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। फिलहाल उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से पेट्रोल की दो बोतलें और माचिस भी बरामद की हैं।












