यूपी के संतकबीरनगर लोकसभा सीट से पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन हो गया है. वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे.लिवर में दिक्कत के चलते इलाज के लिए उन्हें भर्ती कराया गया था. लेकिन बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया और इस दुनिया को अलविदा कह चले गए.
शरद का अंतिम संस्कार अयोध्या में सरयू नदी के किनारे किया गया। बेटों ने उन्हें मुखाग्नि दी। सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जलशक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला, सांसद कमलेश पासवान, जगदंबिका पाल और गोंडा से सांसद बृजभूषणसरन सिंह ने अयोध्या जाकर पूर्व सांसद को अंतिम विदाई दी। पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किया।
दिवंगत शरद त्रिपाठी देवरिया से भाजपा सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी के बेटे थे। उन्होंने 2014 में संतकबीरनगर से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। संसदीय क्षेत्र में अच्छी पकड़ थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफी करीबी माने जाते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतकबीरनगर के मगहर में बड़ी रैली की थी। रैली में शरद त्रिपाठी की खूब तारीफ की थी।













